अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया सीएचसी इकौना का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया सीएचसी इकौना का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश
इकौना, श्रावस्ती। जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना का बुधवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदयनाथ एवं सहायक शोध अधिकारी सुरेश यादव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता तथा विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों के संचालन की गहन समीक्षा की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, लेकिन मैनिटोल इंजेक्शन उपलब्ध न होने पर अधिकारियों ने आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, जनरल वार्ड में 12 मरीज भर्ती मिले। बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित स्टाफ नर्सों को कड़ी चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने एनबीएसयू वार्ड में भर्ती नवजात शिशुओं के उपचार की जानकारी ली तथा गंभीर नवजातों को समय पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने के निर्देश दिए। प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान स्टाफ को स्टिल बर्थ, लो बर्थ वेट, मातृ स्तनपान एवं हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के बेहतर प्रबंधन तथा समय पर रेफरल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्टोर रूम के अभिलेखों को तीन कार्य दिवस के भीतर अद्यतन कराने तथा अस्पताल भवन की क्षतिग्रस्त सीढ़ी की मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बीपीएम एवं बीसीपीएम को ई-कवच और मंत्रा पोर्टल पर डेटा फीडिंग एवं एएनसी पंजीकरण संबंधी प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदयनाथ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







