बहराइच में दर्दनाक हादसा: घाघरा नदी में मगरमच्छ ने 12 वर्षीय बालक पर किया हमला, ग्रामीणों के सामने खींच ले गया, 5 घंटे बाद मिला शव
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बहराइच में दर्दनाक हादसा: घाघरा नदी में मगरमच्छ ने 12 वर्षीय बालक पर किया हमला, ग्रामीणों के सामने खींच ले गया, 5 घंटे बाद मिला शव
धान की रोपाई के बाद नदी में हाथ-पैर धोने गया था मासूम, चाचा और ग्रामीणों ने बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन नहीं बच सकी जान। प्रशासन ने 4 लाख रुपये की सहायता का किया ऐलान।
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। बौंडी थाना क्षेत्र के टिकुरी गांव के पास घाघरा नदी में 12 वर्षीय बालक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मगरमच्छ बच्चे को ग्रामीणों और परिजनों की आंखों के सामने गहरे पानी में खींच ले गया। घंटों चले तलाश अभियान के बाद करीब पांच घंटे पश्चात बालक का शव नदी से बरामद किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर सुनील अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था। शाम को काम समाप्त होने के बाद दोनों घाघरा नदी में हाथ-पैर धोने पहुंचे। इसी दौरान अचानक नदी से निकले मगरमच्छ ने सुनील पर हमला कर उसे अपने जबड़े में दबोच लिया।
घटना देखकर चाचा विजय राज सिंह ने शोर मचाया और बच्चे को बचाने का प्रयास किया। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने ईंट-पत्थर फेंके और मगरमच्छ को भगाने की कोशिश की, लेकिन वह बच्चे को लेकर गहरे पानी में चला गया।

5 घंटे बाद मिला शव
घटना के बाद ग्रामीणों ने बांस और टॉर्च की मदद से नदी में लगातार खोजबीन की। तेज बहाव के बावजूद कई घंटे तक चले अभियान के बाद रात लगभग 10 बजे घटनास्थल से कुछ दूरी पर बच्चे का शव बरामद हुआ। मगरमच्छ के हमले से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था।

माता-पिता का पहले ही हो चुका था निधन
बताया गया कि मृतक सुनील के माता-पिता का पहले ही बीमारी के कारण निधन हो चुका था। वह अपने चाचा के साथ रहकर खेती-किसानी में हाथ बंटाता था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य बताई जा रही है।
चाचा ने बयां किया दर्द
मृतक के चाचा विजय राज सिंह ने बताया कि उन्होंने नदी में उतरकर बच्चे का हाथ पकड़ लिया था और करीब सात मिनट तक उसे छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ अधिक ताकतवर होने के कारण उसे गहरे पानी में खींच ले गया।
प्रशासन ने सहायता का दिया आश्वासन
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एसडीएम प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को शासन की ओर से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







