श्रावस्ती में बाढ़ से पहले पुलिस अलर्ट, राप्ती नदी किनारे लगाए गए चेतावनी बोर्ड; लोगों से सतर्क रहने की अपील
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
श्रावस्ती में बाढ़ से पहले पुलिस अलर्ट, राप्ती नदी किनारे लगाए गए चेतावनी बोर्ड; लोगों से सतर्क रहने की अपील
08 जुलाई 2026 | विराट न्यूज़ 24 लाइव
श्रावस्ती। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और नदी से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए श्रावस्ती पुलिस ने जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार शाम पुलिस ने राप्ती नदी के किनारे चेतावनी बोर्ड लगाकर लोगों को बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह की मौजूदगी में थाना सोनवा पुलिस ने राप्ती नदी तट पर चेतावनी बोर्ड स्थापित किए। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और नदी किनारे आने-जाने वाले लोगों को संभावित बाढ़ के खतरे से अवगत कराया गया तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि बाढ़ के दौरान अनावश्यक रूप से नदी के किनारे न जाएं, बच्चों को अकेले नदी तट पर न जाने दें तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों से पूरी तरह दूरी बनाए रखें। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या दुर्घटना की सूचना तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को देने की सलाह भी दी गई।
अभियान के दौरान लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, अफवाहों से बचने और किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने की अपील की गई। पुलिस का कहना है कि मानसून के पूरे सीजन में जनहानि रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर थाना प्रभारी सोनवा विशुनदेव पाण्डेय, प्रभारी यातायात मोहम्मद शमीम सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा







