श्रावस्ती में बाल विवाह के खिलाफ बड़ा अभियान! डीएम ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
श्रावस्ती में बाल विवाह के खिलाफ बड़ा अभियान! डीएम ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों ने ली बाल विवाह रोकने की शपथ, 10 ग्राम पंचायतों को मिला बाल विवाह मुक्त प्रमाणपत्र
श्रावस्ती। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से जनपद श्रावस्ती में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता की पहल शुरू की गई। विज्ञान फाउंडेशन एवं महिला कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित इस अभियान के अंतर्गत जागरूकता रथ निकाला गया। जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर बाल विवाह रोकने का संदेश दिया।
बाल विवाह समाज की गंभीर समस्या, भविष्य पर पड़ता है असर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी ने कहा कि बाल विवाह समाज की गंभीर समस्या है। इससे बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य प्रभावित होता है। कम उम्र में मातृत्व मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने धर्मगुरुओं और आमजन से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बाल विवाह रोकने के लिए आगे आएं और लोगों को जागरूक करें।
धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों ने ली शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य लोगों ने बाल विवाह न करने और न कराने की सामूहिक शपथ ली। सभी ने समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
वहीं, विज्ञान फाउंडेशन की ओर से बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करने वाली 10 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी ने बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
बच्चों के नाटक ने किया भावुक, बाल विवाह के दुष्परिणामों का दिया संदेश
कार्यक्रम में इकौना से आए बच्चों ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर आधारित मार्मिक नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से कम उम्र में शादी से होने वाले नुकसान, बाल विवाह रोकने के उपायों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
बच्चों की प्रभावशाली प्रस्तुति की सराहना करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं आर्ट किट देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के अभिषेक ने किया। इस अवसर पर विज्ञान फाउंडेशन की जिला लीड रेखा वर्मा, जिला प्रोबेशन कार्यालय की सरिता, एसजेपीयू के उपनिरीक्षक रणविजय सिंह सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
श्रावस्ती से संदीप गोस्वामी की रिपोर्ट।
Birat News 24 Live
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा







