भारत-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट! अवैध तस्करी, जाली नोटों और संदिग्ध लेन-देन पर कसेगा शिकंजा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भारत-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट! अवैध तस्करी, जाली नोटों और संदिग्ध लेन-देन पर कसेगा शिकंजा
डीएम मनोज कुमार राय ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी; अवैध मदरसों के सत्यापन और नो मेंस लैंड की दुकानों की मांगी रिपोर्ट
श्रावस्ती। भारत-नेपाल सीमा से सटे जनपद श्रावस्ती में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध तस्करी, जाली नोटों के प्रसार और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी मनोज कुमार राय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और विभिन्न प्रकार की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
तस्करी और जाली नोटों पर रहेगी पैनी नजर
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित निगरानी और सतर्कता बरती जाए। अवैध सामानों के आवागमन, फेक करेंसी के प्रसार तथा सीमा पार होने वाले संदिग्ध बैंक लेन-देन पर विशेष नजर रखी जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों और संबंधित जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
संदिग्ध संगठनों और अवैध गतिविधियों के सत्यापन के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गुटों एवं कट्टरपंथी संगठनों की गतिविधियों पर नियमानुसार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध रूप से संचालित मदरसों का सत्यापन कराने और नो मेंस लैंड में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की संख्या की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने को कहा।
सड़क और नेटवर्क व्यवस्था सुधारने पर भी जोर
डीएम ने सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़कों की स्थिति दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा नेटवर्क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से सुधार के प्रस्ताव जल्द भेजने को कहा, ताकि सीमावर्ती इलाकों में संचार व्यवस्था बेहतर हो सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एसएसबी कमांडेंट ए.के. वरुण, एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज, एसडीएम इकौना निशांत उपाध्याय, एसडीएम जमुनहा रवि प्रताप सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी, डिप्टी कमांडेंट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
श्रावस्ती से संदीप गोस्वामी की रिपोर्ट।
Birat News 24 Live
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा







