सीएमओ का सीएचसी मल्हीपुर में औचक निरीक्षण, महिला नसबंदी शिविर का किया शुभारंभ; 22 महिलाओं का ऑपरेशन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सीएमओ का सीएचसी मल्हीपुर में औचक निरीक्षण, महिला नसबंदी शिविर का किया शुभारंभ; 22 महिलाओं का ऑपरेशन
320 लाभार्थियों का हुआ पंजीकरण, परिवार नियोजन की विभिन्न सेवाएं भी दी गईं; स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
श्रावस्ती। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मल्हीपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, जनरल वार्ड, प्रसव कक्ष, एनबीएसयू, पीएनसी एवं इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति परखी।
निरीक्षण के समय ओपीडी में 66 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। अस्पताल में साफ-सफाई और चिकित्सा उपकरणों की स्थिति संतोषजनक पाई गई। सीएमओ ने बायोमेडिकल वेस्ट का निर्धारित मानकों के अनुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, मरीजों की संख्या के अनुपात में स्टाफ की कमी को देखते हुए अतिरिक्त स्टाफ नर्सों की तैनाती का आश्वासन भी दिया।
फीता काटकर मेगा महिला नसबंदी शिविर का किया शुभारंभ
निरीक्षण के दौरान पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित मेगा महिला नसबंदी शिविर का सीएमओ डॉ. अशोक कुमार सिंह ने फीता काटकर शुभारंभ किया।
शिविर में कुल 320 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। इनमें 22 महिलाओं की नसबंदी का ऑपरेशन किया गया। इसके अलावा 31 लाभार्थियों को अंतरा इंजेक्शन, 22 को आईयूसीडी और 12 को पीपीआईयूसीडी सहित परिवार नियोजन एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता : सीएमओ
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. रविंद्र सोनकर, एआरओ सुरेश यादव, डीपीएम मनीष बिसारिया, डीसीपीएम राकेश गुप्ता, प्रतीक शाक्य, बीपीएम रहमान खान, धर्मराज त्रिपाठी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
श्रावस्ती से संदीप गोस्वामी की रिपोर्ट।
Birat News 24 Live
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा







