12 जुलाई को हरियाली का महाअभियान: श्रावस्ती में एक ही दिन लगेंगे 42.54 लाख पौधे, डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने दिए सख्त निर्देश
Oplus_16908288
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
12 जुलाई को हरियाली का महाअभियान:श्रावस्ती में एक ही दिन लगेंगे 42.54 लाख पौधे, डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने दिए सख्त निर्देश।

श्रावस्ती। जनपद में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी तेज हो गई है। आगामी 12 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले वृहद पौधरोपण अभियान के तहत पूरे जिले में 42 लाख 54 हजार 800 पौधे लगाए जाएंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां तेज कर दी हैं।
मंगलवार को दोपहर करीब 2:00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पौधरोपण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर धरातल पर साफ दिखाई देना चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए श्रावस्ती जनपद को 42,54,800 पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला है। इसमें वन विभाग को 18,64,000 तथा अन्य विभागों को 23,90,800 पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को समय से पौधशालाओं से पौधों का उठान सुनिश्चित करने और जनसहभागिता के साथ व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए।
अभियान की पारदर्शिता और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की एक सप्ताह के भीतर जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए, ताकि पौधों की वास्तविक स्थिति की निगरानी की जा सके और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो।
बैठक में पर्यावरणीय स्वच्छता को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। नगरीय क्षेत्रों से निकलने वाले दैनिक कचरे की नियमित रिपोर्टिंग, ग्रामीण क्षेत्रों में घूर-गड्डों की पहचान एवं सफाई, तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्र कर उसके वैज्ञानिक निस्तारण की कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक का संचालन प्रभागीय वनाधिकारी धनराज मीणा ने किया। जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा







