किसानों की समस्याओं पर भाकियू का बड़ा हल्लाबोल! 15 सूत्रीय मांगों के साथ डीएम तक पहुंची किसानों की आवाज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
किसानों की समस्याओं पर भाकियू का बड़ा हल्लाबोल! 15 सूत्रीय मांगों के साथ डीएम तक पहुंची किसानों की आवाज
धान खरीद से लेकर फसल मुआवजे तक उठे गंभीर सवाल, रामनगर पुल के पास बंधा कटने से 500 एकड़ फसल प्रभावित होने का मुद्दा भी गरमाया
श्रावस्ती। किसानों की समस्याओं और प्रशासनिक अनदेखी के मुद्दों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने कलेक्ट्रेट परिसर में आवाज बुलंद की। शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर आयोजित मासिक पंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। पंचायत में सर्वसम्मति से 15 सूत्रीय प्रस्ताव पारित कर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया और समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई गई।
धान खरीद और फसल मुआवजे का मुद्दा प्रमुखता से उठा
भाकियू ने जनपद के सभी धान क्रय केंद्रों पर नियमित रूप से खरीद सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही सितंबर और अक्टूबर माह में आए चक्रवाती तूफान से फसलों एवं पेड़ों को हुए नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराकर वंचित किसानों को क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की गई। इकौना तहसील में सर्वे के दौरान कथित लापरवाही और धन उगाही के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग उठाई गई।
500 एकड़ फसल प्रभावित होने का मामला उठाया
पंचायत में रामनगर पुल के पास बार-बार बंधा कटने की समस्या को गंभीरता से उठाया गया। संगठन का कहना है कि इससे करीब 500 एकड़ कृषि भूमि की फसल प्रभावित हुई है। भाकियू ने बंधे की मजबूत मरम्मत कराने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
राजस्व मामलों से लेकर सड़क-नाली निर्माण तक जांच की मांग
ज्ञापन में राजस्व संहिता की धारा 116 के तहत संयुक्त खातों के बंटवारे और धारा 24 के अंतर्गत हदबरारी के मामलों का समयबद्ध निस्तारण कराने की मांग शामिल रही। इसके अलावा शिक्षकों की पदोन्नति के बाद विद्यालय आवंटन में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग भी उठाई गई।
इकौना नगर पंचायत में सीसी रोड, सड़क और नाली निर्माण की गुणवत्ता की जांच, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान तथा अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई।
15 सूत्रीय ज्ञापन में ये मुद्दे भी शामिल
भाकियू ने सरकारी विद्यालयों में फीस जमा करने पर रसीद सुनिश्चित कराने, इकौना बस स्टॉप से रोडवेज बसों का नियमित संचालन कराने, नगर में जाम की समस्या से निजात दिलाने और ग्राम गिलौली के चकमार्ग को कब्जामुक्त कराने की मांग की।
इसके साथ ही इकौना सब्जी मंडी में कथित रूप से कच्ची रसीदों पर कारोबार किए जाने के आरोपों की जांच कराने का मुद्दा भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया।
अंत में संगठन ने जिलाधिकारी से सभी 15 मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने तथा समस्याओं के निस्तारण की जानकारी संगठन को उपलब्ध कराने की मांग की। अब देखना होगा कि किसानों की इन मांगों पर जिला प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा







