गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे युवक की संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप
Oplus_16908288
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे युवक की संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप
श्रावस्ती में सनसनीखेज घटना, इंतजार करते-करते बिगड़ी तबीयत और चली गई जान
श्रावस्ती। सोनवा थाना क्षेत्र के शाहपुर कठौतिया स्थित भारत गैस एजेंसी पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। गैस सिलेंडर रिफिल कराने पहुंचे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से एजेंसी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों में हड़कंप मच गया।
सिलेंडर के लिए कर रहा था इंतजार, अचानक गिर पड़ा युवक
मृतक की पहचान मकसूद निवासी ग्राम पंचायत इमलिया नारायण के मजरा उतमापुर के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मकसूद मंगलवार सुबह घरेलू गैस सिलेंडर रिफिल कराने के लिए शाहपुर कठौतिया स्थित भारत गैस एजेंसी पहुंचे थे।
एजेंसी पर पहले से काफी भीड़ मौजूद थी, जिसके चलते वह अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि काफी देर इंतजार करने के बाद वह परिसर में बैठ गए। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े।

मौके पर मची अफरा-तफरी, लोगों ने बचाने का किया प्रयास
घटना के बाद एजेंसी परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को संभालने और मदद पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
लोगों ने तत्काल घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
पुलिस ने पहुंचकर जुटाई जानकारी, पोस्टमार्टम से किया इनकार
सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम और लक्ष्मण नगर पुलिस चौकी प्रभारी जितेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने परिजनों को शव का पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं, गांव में पसरा मातम
फिलहाल युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, अचानक हुई इस मौत से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा







