सत्ता की लड़ाई में जनता बेहाल! युवाओं को रोजगार, किसानों को कर्ज से राहत दे सरकार : सर्वेश मिश्रा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सत्ता की लड़ाई में जनता बेहाल! युवाओं को रोजगार, किसानों को कर्ज से राहत दे सरकार : सर्वेश मिश्रा
अभिनव भारत पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ने उठाए शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और गन्ना किसानों के मुद्दे; 700 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य निर्धारित करने की मांग
श्रावस्ती। देश की राजनीति में जारी आरोप-प्रत्यारोप और सत्ता के संघर्ष के बीच जनता के बुनियादी मुद्दों को लेकर अभिनव भारत पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र 290 के प्रत्याशी सर्वेश कुमार मिश्रा ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आज राजनीतिक दल एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन और बयानबाजी में व्यस्त हैं, जबकि बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों की समस्याएं लगातार गंभीर होती जा रही हैं।
सर्वेश मिश्रा ने कहा कि राजनीति का असली उद्देश्य सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं का समाधान करना होना चाहिए। युवाओं को उनकी प्रतिभा और योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन बेरोजगारी के कारण युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य को सुलभ बनाने की मांग
उन्होंने सरकार से मांग की कि शिक्षा और चिकित्सा को निःशुल्क एवं सुलभ बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही लगातार बढ़ती महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए, जिससे आम आदमी को आर्थिक राहत मिल सके।
किसानों के कर्ज पर उठाया बड़ा सवाल
किसानों की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए सर्वेश मिश्रा ने कहा कि किसानों के कर्ज के समाधान के लिए विशेष ट्रिब्यूनल गठित किया जाना चाहिए। जिस प्रकार बड़े कारोबारियों के कर्ज के निपटारे के लिए व्यवस्थाएं मौजूद हैं, उसी प्रकार किसानों को भी कर्ज से राहत दिलाने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए। उन्होंने किसानों के कर्ज में उचित राहत अथवा पूर्ण कर्जमाफी की दिशा में कदम उठाने की मांग की।
गन्ने का मूल्य 700 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग
गन्ना किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलना चाहिए। सरकार को गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य कम से कम 700 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए, ताकि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
जनता सर्वोपरि, सरकार को सुननी होगी आवाज
सर्वेश मिश्रा ने कहा कि सरकार को आत्ममुग्धता छोड़कर जनता से किए गए वादों को पूरा करना चाहिए। समाज को बांटने के बजाय शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, महंगाई और किसानों जैसे बुनियादी मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। जनता ही किसी को सत्ता के शिखर तक पहुंचाती है और चुनाव में सत्ता से बाहर भी कर सकती है। इसलिए सरकार को जनता की आवाज सुनते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
अंत में उन्होंने अपनी बात इन पंक्तियों के माध्यम से रखी—
“सड़कों पर हैं पढ़ने वाले,
कुर्सी पर गद्दार,
बिक चुके अखबार यहां,
गिरवी है सरकार।”
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा







