जनगणना 2027 को लेकर श्रावस्ती में तैयारियां तेज! डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने प्रशिक्षण केंद्र का किया औचक निरीक्षण, 2716 कर्मचारियों को दी जाएगी ट्रेनिंग
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जनगणना 2027 को लेकर श्रावस्ती में तैयारियां तेज! डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने प्रशिक्षण केंद्र का किया औचक निरीक्षण, 2716 कर्मचारियों को दी जाएगी ट्रेनिंग
16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक और सुपरवाइजर
श्रावस्ती। जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए श्रावस्ती जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने तहसील भिनगा क्षेत्र के शिवालिक महाविद्यालय, पटना खरगौरा में चल रहे प्रगणक एवं सुपरवाइजर के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के लिए जिले की तीनों तहसीलों और दोनों नगर निकायों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। नगर निकायों का प्रशिक्षण एक पाली में तथा तहसीलों में तीन पालियों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नगर निकायों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि तहसील स्तर पर प्रशिक्षण जारी है।
प्रशिक्षण के तीसरे चरण का आयोजन 4 नवंबर से 6 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। तीनों चरणों में जिले की तीनों तहसीलों और नगर निकायों के कुल 2716 कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें सभी कर्मचारी पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को फील्ड स्तर पर गणना कर्मियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। किसी भी प्रकार की शंका या कठिनाई होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका समाधान कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कोई भी व्यक्ति या परिवार जनगणना से छूटने न पाए तथा प्रत्येक स्तर पर उपलब्ध कराई जाने वाली सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखी जाए।
इस तारीख से शुरू होगी जनगणना की प्रक्रिया
जिलाधिकारी ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक लोगों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक एवं सुपरवाइजर गांवों और नगरीय वार्डों में घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी निशांत उपाध्याय, जनगणना निदेशालय से जनपद नोडल निशा, फील्ड ट्रेनर, जनगणना लिपिक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा







