कजरी तीज मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कजरी तीज मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर, मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
श्रावस्ती। आगामी कजरी तीज मेला एवं कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विकासखंड सिरसिया स्थित बाबा विभूतिनाथ मंदिर परिसर में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी एवं मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सफाई से लेकर पेयजल और पार्किंग तक की होगी व्यवस्था
डीएम ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, बैरिकेडिंग और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए मेला परिसर में स्वास्थ्य कैंप, मोबाइल एंबुलेंस, महिला चिकित्सक और एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
बिना एनओसी झूले नहीं लगेंगे
मेले में लगने वाले झूलों को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि एनओसी मिलने के बाद ही झूलों को संचालन की अनुमति दी जाए।
इसके साथ ही मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग कराने, खोया-पाया केंद्र और कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
रजिया तालाब से मंदिर तक रहेगी विशेष निगरानी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए रजिया तालाब से बाबा विभूतिनाथ मंदिर तक पुलिस एवं वन विभाग की टीमों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील एवं आवश्यक स्थानों पर वॉच टावर स्थापित करने के साथ ही 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था करने को कहा गया।
सीसीटीवी और खुफिया पुलिस की रहेगी नजर
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बताया कि अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे और खुफिया पुलिस तैनात रहेगी। चोरी, चेन स्नैचिंग समेत अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस बल लगातार क्षेत्र में भ्रमण करेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने अथवा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण
बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ललित कुमार ने किया। बैठक के बाद जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने मंदिर परिसर, जलाभिषेक स्थल और मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान एएसपी चंद्रकेश सिंह, एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज, सीओ भरत पासवान सहित संबंधित अधिकारी एवं मेला प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







