आउटसोर्स कर्मियों के लिए बड़ी खबर! डीएम ने किया सम्मानित, अब तय समय में मिलेगा मानदेय
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
आउटसोर्स कर्मियों के लिए बड़ी खबर! डीएम ने किया सम्मानित, अब तय समय में मिलेगा मानदेय
उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ, लाखों कर्मचारियों को मिलेगा सीधा लाभ — डीएम अन्नपूर्णा गर्ग
श्रावस्ती। आउटसोर्स कर्मियों के भविष्य को सुरक्षित और बेहतर बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार की नई पहल का जनपद में भी आगाज हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ किया। इसी के तहत श्रावस्ती कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विभागों में कार्यरत बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) ललित कुमार, विधायक श्रावस्ती प्रतिनिधि अवधेश पाण्डेय और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
15 आउटसोर्स कर्मियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद भिनगा के 10 तथा नगर पंचायत इकौना के 5 आउटसोर्स कर्मियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के एक लाभार्थी को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा और सुना गया।
अब 1 से 5 तारीख के बीच मानदेय भुगतान
नई व्यवस्था के तहत आउटसोर्स कर्मियों को प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच निश्चित रूप से मानदेय का भुगतान किए जाने की बात कही गई है। नए और पुराने सभी आउटसोर्स कर्मियों के ईपीएफ और ईएसआई खाते अनिवार्य रूप से खोले जाएंगे तथा मानदेय का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा।
इसके अलावा मनमानी और असमान कमीशन व्यवस्था को समाप्त कर एकीकृत और पारदर्शी तंत्र स्थापित करने का दावा किया गया है।
डीएम बोलीं—लाखों कर्मियों को मिलेगा सीधा लाभ
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय सराहनीय है। इससे प्रदेश के लाखों आउटसोर्स कर्मियों को सीधे लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि निगम आउटसोर्स कर्मचारियों की शिकायतों के निवारण के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि निगम के गठन से सरकारी विभागों में आउटसोर्स कर्मचारियों से जुड़े मामलों में एकरूपता आएगी और मानदेय व सुविधाओं को लेकर होने वाली विसंगतियों एवं विवादों को कम करने में मदद मिलेगी।
अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) ललित कुमार ने भी सरकार के इस कदम को आउटसोर्स कर्मियों के हित में लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से कर्मचारियों को फायदा मिलेगा और उनके मानदेय में भी वृद्धि की गई है।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी रवेन्द्र कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद भिनगा डॉ. अनीता शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मी मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







