शिक्षक निर्वाचन को लेकर श्रावस्ती में तैयारियां तेज, पांच मतदेय स्थलों का प्रस्ताव
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
शिक्षक निर्वाचन को लेकर श्रावस्ती में तैयारियां तेज, पांच मतदेय स्थलों का प्रस्ताव
965 मतदाता करेंगे मतदान, राजनीतिक दलों से एक दिन में मांगी गईं आपत्तियां
श्रावस्ती। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर श्रावस्ती में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कक्ष में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 965 मतदाताओं के लिए पांच मतदेय स्थल/मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। प्रस्तावित स्थलों में क्षेत्र पंचायत जमुनहा सभाकक्ष, क्षेत्र पंचायत सिरसिया सभाकक्ष, तहसील भवन भिनगा सभाकक्ष, क्षेत्र पंचायत गिलौला सभाकक्ष और क्षेत्र पंचायत इकौना सभाकक्ष शामिल हैं।
एक दिन में देनी होगी आपत्ति
डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि प्रस्तावित मतदेय स्थलों को लेकर यदि किसी को कोई आपत्ति या सुझाव है तो उसे एक दिवस के भीतर उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों को सभी प्रस्तावित मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराने तथा वहां उपलब्ध आश्वस्त न्यूनतम सुविधाओं (AMF) की स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
शौचालय, पानी और बिजली की होगी जांच
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर शौचालय, पेयजल, बिजली, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया जाए। जहां किसी सुविधा की कमी मिले, उसे समय रहते पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ललित कुमार को अस्थायी स्ट्रांग रूम के चिन्हांकन की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ललित कुमार, उपजिलाधिकारी श्रेया, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सिरसिया राजाराम, हरिहरपुररानी संदीप कुमार, गिलौला वीरेंद्र प्रताप सिंह, इकौना उमेश कुमार सहित सपा जिलाध्यक्ष सर्वजीत यादव, कांग्रेस से मो. असलम, भाजपा से राकेश सिंह तथा अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
गौरतलब है कि श्रावस्ती के जिला निर्वाचन अधिकारी पोर्टल पर गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची संबंधी जानकारी उपलब्ध है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







