सेवा संकल्प अभियान में दिव्यांगजनों व लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सेवा संकल्प अभियान में दिव्यांगजनों व लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात
प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने बांटे सहायक उपकरण, टूलकिट और ऋण स्वीकृति चेक
श्रावस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश के कारागार विभाग के प्रभारी मंत्री एवं श्रावस्ती जनपद प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर श्रावस्ती पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर दिव्यांगजनों, श्रमिकों और लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
गुलरा स्थित वन विभाग के विश्राम गृह पहुंचने पर जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, विधायक रामफेरन पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी और मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया।
इसके बाद प्रभारी मंत्री संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा स्थित जिला पोषण पुनर्वास केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने भर्ती महिलाओं और नवजात बच्चों को फल वितरित किए तथा उनके स्वास्थ्य और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ
मंत्री ने जिला अस्पताल स्थित रक्तदान केंद्र में रक्तदान शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। कार्यक्रम में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, वॉकिंग स्टिक और बैसाखी सहित विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
इसके साथ ही श्रम विभाग की योजनाओं के अंतर्गत 30 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 10 लाभार्थियों को टूलकिट तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति चेक प्रदान किए गए।
प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि 17 सितंबर से ‘सेवा दिवस’ के रूप में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत हो रही है। उन्होंने लोगों से अभियान से जुड़कर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी ललित कुमार, एसडीएम प्रवीण यादव, रवि प्रताप सिंह, आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







