15 फीट गहरी तेज बहाव वाली नहर में कूदा कांस्टेबल, बचाई महिला की जान! SP ने किया सम्मानित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
15 फीट गहरी तेज बहाव वाली नहर में कूदा कांस्टेबल, बचाई महिला की जान! SP ने किया सम्मानित
जान की परवाह किए बिना नहर में लगाई छलांग, साहसिक कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और ₹5 हजार का नकद पुरस्कार
श्रावस्ती। राप्ती योजक नहर खंड-6 की पुलिया पर 31 अगस्त को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 15 फीट से अधिक गहराई और तेज बहाव के बीच एक अज्ञात महिला ने नहर में छलांग लगा दी। महिला को डूबता देख थाना मल्हीपुर में तैनात हल्का कांस्टेबल कैलाश यादव ने बिना देर किए अपनी जान की परवाह किए नहर में छलांग लगा दी।
कांस्टेबल ने साहस और अदम्य तत्परता का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी जान बचा ली। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
साहस को SP ने किया सलाम
कांस्टेबल कैलाश यादव के इस साहसिक और मानवीय कार्य की पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने सराहना की। बुधवार को एसपी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और ₹5,000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया।
एसपी राहुल भाटी ने कहा कि पुलिसकर्मियों का कर्तव्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में लोगों के जीवन और सुरक्षा की रक्षा करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कांस्टेबल कैलाश यादव ने जिस तत्परता और साहस के साथ महिला की जान बचाई, वह पुलिस की सेवा भावना, मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यपरायणता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
पुलिसकर्मियों ने भी की सराहना
सम्मान मिलने के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कांस्टेबल कैलाश यादव के साहस की सराहना की। उनके इस कार्य को पुलिस की जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का प्रेरणादायक उदाहरण बताया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह, पेशकार पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







