चलती पुलिस गाड़ी से कूदने के प्रयास में व्यक्ति की मौत, सिसवारा में पुलिस-प्रशासन अलर्ट
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
चलती पुलिस गाड़ी से कूदने के प्रयास में व्यक्ति की मौत, सिसवारा में पुलिस-प्रशासन अलर्ट
राजस्व कार्य के दौरान शांति व्यवस्था के लिए पहुंची थी पुलिस टीम, एएसपी चन्द्रकेश सिंह ने दी जानकारी
श्रावस्ती, 22 सितंबर। थाना गिलौला क्षेत्र के ग्राम सिसवारा में राजस्व कार्य के दौरान शांति व्यवस्था ड्यूटी पर पहुंची पुलिस टीम की कार्रवाई के बीच एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सरकारी वाहन से थाने ले जाए जा रहे लोगों में शामिल कमलेश पुत्र बृजलाल निवासी मदारपुरवा, पुरुषोत्तमपुर ने चलती गाड़ी का गेट खोलकर बाहर निकलने का प्रयास किया, जिसके दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह ने बताया कि एसडीएम इकौना के तहसील दिवस संबंधी आदेश के क्रम में नायब तहसीलदार आयुष के साथ राजस्व एवं पुलिस टीम ग्राम सिसवारा पहुंची थी। राजस्व टीम की मांग पर थाना प्रभारी के साथ पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात थे।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर कुछ लोगों द्वारा राजस्व आदेश एवं सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की स्थिति बनी थी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच महिलाओं और एक पुरुष को सरकारी वाहन से थाने ले जाया जा रहा था।
इसी दौरान वाहन चलने के बाद कमलेश ने वाहन का गेट खोलकर बाहर निकलने का प्रयास किया और सड़क पर गिरकर घायल हो गए। पुलिस टीम ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके की स्थिति पर नजर बनाए रखी। पुलिस के अनुसार, वर्तमान में गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य है।
एएसपी चन्द्रकेश सिंह की ओर से घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बाइट भी जारी की गई है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







