श्रावस्ती में आसमानी कहर! राप्ती नदी किनारे गिरी आकाशीय बिजली, युवक की मौत; साथी झुलसा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
श्रावस्ती में आसमानी कहर! राप्ती नदी किनारे गिरी आकाशीय बिजली, युवक की मौत; साथी झुलसा
श्रावस्ती। जिले में बुधवार को मौसम खराब होने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। सोनवा थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव के मजरा बैभी के पास राप्ती नदी में मछली पकड़ने गए लोगों के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी झुलस गया।
जानकारी के अनुसार, हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र के ग्राम पंचायत गौसपुर के मजरा हरद्वारी निवासी राजेश कुमार (31) बुधवार को गांव के ही पृथ्वीराज (36), चन्केश (34), तालेराम (30), धर्मदास (33) और रामसमुझ (35) के साथ राप्ती नदी में मछली पकड़ने गए थे।
इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग सुरक्षित स्थान की ओर जाने लगे। इसी बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से राजेश कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चन्केश भी झुलस गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने तत्काल राजेश के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई। सोनवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
युवक की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खुले स्थानों पर जाने से बचें
मौसम विभाग की चेतावनी के दौरान लोगों से खुले मैदान, नदी, तालाब और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की जाती है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेना बेहद जरूरी है।
रिपोर्ट: बिराट न्यूज 24 लाइव
देश की आवाज, जनता की आवाज
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







