किसानों के लिए बड़ी पहल: भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
किसानों के लिए बड़ी पहल: भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ
श्रावस्ती में हुआ लखनऊ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, पांच किसानों को किया गया सम्मानित
श्रावस्ती। सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने, सहकारिता की भावना को बढ़ावा देने तथा किसानों को कम ब्याज दर पर दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा ‘भारत टैक्सी योजना’ एवं ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ का शुभारंभ किया गया। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन सभागार, श्रावस्ती में किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल, सहकारिता विभाग के ‘उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप’ तथा उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर (UPCDC) मोबाइल ऐप की भी लॉन्चिंग की गई। इन डिजिटल सुविधाओं का उद्देश्य सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों और कृषकों को योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं अधिक सरल और सुगम तरीके से उपलब्ध कराना है।
विकास भवन सभागार में आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम में नवलेश प्रताप सिंह, अध्यक्ष हार्टीकल्चर को-ऑपरेटिव एंड मार्केटिंग फेडरेशन (हाफेड), दद्दन मिश्रा, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रावस्ती, प्रेमशंकर, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता तथा विजय चंद्र मिश्र, शाखा प्रबंधक उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड, शाखा भिनगा सहित सहकारी समितियों के सभापति, समिति कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष हाफेड एवं अध्यक्ष जिला पंचायत द्वारा पांच किसानों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष जिला पंचायत ने किसानों को सहकारिता विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। वहीं अध्यक्ष हाफेड ने सहकारिता क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में कृषकों को विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित अतिथियों, समिति सभापतियों एवं कृषक बंधुओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







