पोषण अभियान में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
पोषण अभियान में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
23 से 25 सितंबर तक चलेगा विशेष वजन अभियान, बच्चों की पोषण श्रेणी होगी दर्ज
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति एवं सम्भव अभियान-6.0 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने नवजात शिशुओं, बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर संचालित योजनाओं की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार नवजात शिशुओं, बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से आईसीडीएस विभाग के माध्यम से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि पोषण संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का 23, 24 एवं 25 सितंबर को विशेष अभियान चलाकर पुनः वजन किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों की पोषण स्थिति के आधार पर सैम, मैम अथवा सामान्य श्रेणी का अंकन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं मुख्य सेविकाओं को निर्देश दिया कि वे इन तीनों दिनों में क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर अभियान का नियमित अनुश्रवण करें। साथ ही प्रत्येक दिन की प्रगति रिपोर्ट जिला मुख्यालय को अनिवार्य रूप से भेजी जाए।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अभियान को गंभीरता से संचालित करते हुए पात्र बच्चों की सही पहचान और पोषण स्थिति का समयबद्ध तरीके से आकलन सुनिश्चित किया जाए।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा







