श्रावस्ती के खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गाड़े सफलता के झंडे, 6 स्वर्ण समेत जीते 14 पदक
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
श्रावस्ती के खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गाड़े सफलता के झंडे, 6 स्वर्ण समेत जीते 14 पदक
सत्या द आर्यन स्कूल की तीन बेटियों ने गोल्ड जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बनाई जगह, प्रबंधक तुषार सत्या और प्रधानाचार्य अनिश एंथनी ने किया भव्य स्वागत
इकौना (श्रावस्ती)। मऊ जिले में 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में श्रावस्ती के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण पदक सहित कुल 14 पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है। वहीं, सत्या द आर्यन स्कूल की तीन बालिकाओं ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर सत्या द आर्यन स्कूल के प्रबंधक तुषार सत्या एवं प्रधानाचार्य अनिश एंथनी ने खिलाड़ियों का भव्य स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
तीन बालिकाओं ने जीता स्वर्ण, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगी प्रतिभाग
ताइक्वांडो प्रशिक्षक शादाब अहमद के अनुसार, सत्या द आर्यन स्कूल की खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। सब-जूनियर श्रेणी के 41 किलोग्राम भार वर्ग में मुविया खातून ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं, कैडेट श्रेणी के 29 किलोग्राम भार वर्ग में दिव्यांशी सिंह और 47 किलोग्राम भार वर्ग में गरिमा यादव ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इन तीनों बालिकाओं ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की की।
इसके अलावा कैडेट वर्ग के 27 किलोग्राम भार वर्ग में प्रिया यादव ने रजत पदक हासिल किया। 37 किलोग्राम भार वर्ग में मंजरी पांडेय और 35 किलोग्राम भार वर्ग में सुधीर सिंह ने कांस्य पदक जीता।
इन खिलाड़ियों ने भी पदक जीतकर बढ़ाया जिले का गौरव
प्रतियोगिता में श्रावस्ती के अन्य खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सब-जूनियर वर्ग के 30 किलोग्राम भार वर्ग में आशुतोष तिवारी, जूनियर वर्ग के 63 किलोग्राम भार वर्ग में अदनान खान और 48 किलोग्राम भार वर्ग में आलोक प्रताप सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया।
वहीं, श्रावस्ती ताइक्वांडो एकेडमी के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। मोहम्मद समद ने सब-जूनियर 21 किलोग्राम भार वर्ग, रौनक कंठा ने 23 किलोग्राम भार वर्ग और संदीप यादव ने जूनियर 23 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
इसके साथ ही आदित्य शर्मा ने जूनियर 55 किलोग्राम भार वर्ग और अमित शर्मा ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।
उड़ीसा में होगी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने खुशी जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित बालिकाएं वहां भी शानदार प्रदर्शन करेंगी और श्रावस्ती सहित विद्यालय का नाम रोशन करेंगी। प्रशिक्षक शादाब अहमद के मुताबिक, राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन उड़ीसा में होगा।
स्टेट चैंपियनशिप में श्रावस्ती के खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है। खिलाड़ियों की उपलब्धि से जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







