कजरी तीज मेले में चप्पे-चप्पे पर पहरा, 3 जोन और 7 सेक्टर में बांटा गया मेला क्षेत्र
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कजरी तीज मेले में चप्पे-चप्पे पर पहरा, 3 जोन और 7 सेक्टर में बांटा गया मेला क्षेत्र
ड्रोन कैमरों से निगरानी के साथ PAC, QRT और फायर टेंडर तैनात; महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीम सक्रिय
श्रावस्ती। कजरी तीज पर्व पर बाबा विभूतिनाथ मंदिर, सिरसिया में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। 14 सितंबर को होने वाले पर्व से पहले ही 13 सितंबर से श्रद्धालुओं का मंदिर की ओर पैदल और वाहनों से पहुंचना शुरू हो गया है। भीड़ और यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्लान लागू किया है।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने मेले में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर उन्हें निर्धारित प्वाइंट पर पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जनपदीय कंट्रोल रूम और एलआईयू को लगातार सक्रिय रहने के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
3 जोन, 7 सेक्टर और 20 बैरियर से होगी व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 3 जोन, 7 सेक्टर और 20 बैरियर में विभाजित किया गया है। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए 14 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
सुरक्षा निगरानी के लिए 4 वॉच टावर, 2 एक्सेस कंट्रोल टीम, 3 अस्थायी पुलिस चौकियां, 14 मोबाइल पार्टियां, 2 क्यूआरटी और 11 पिकेट ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 2 फायर टेंडर भी तैनात रहेंगे।
PAC की अतिरिक्त तैनाती
त्वरित कार्रवाई और भीड़ नियंत्रण के लिए 1.5 सेक्शन फ्लड कंपनी PAC तथा 2 प्लाटून PAC की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई गई है और सभी जवान दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ मुस्तैद रहेंगे।
बाहरी जिलों से भी पहुंचा पुलिस बल
मेले की सुरक्षा व्यवस्था में श्रावस्ती पुलिस के साथ बाहरी जनपदों से भी पुलिस बल लगाया गया है। इसमें 22 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 124 पुरुष उपनिरीक्षक, 8 महिला उपनिरीक्षक, 392 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 92 महिला आरक्षी और 12 होमगार्ड शामिल हैं।
सेक्टरवार जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। सेक्टर 1, 2 और 3 की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह, बलरामपुर को, सेक्टर 4 की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी अवधेश सिंह चौहान, श्रावस्ती को, सेक्टर 5 की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी वीरसेन सिंह, बलरामपुर को, सेक्टर 6 की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह, इकौना को तथा सेक्टर 7 की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी संजय सिंह, श्रावस्ती को सौंपी गई है।
ड्रोन की नजर से मेला क्षेत्र, सादे कपड़ों में भी पुलिस
मेला परिसर और आसपास के इलाकों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए मेला परिसर में एंटी रोमियो टीम को भी सक्रिय रखा गया है। वहीं, मेला क्षेत्र जंगल से सटा होने के कारण जंगली जानवरों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने कहा कि मेले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्राधिकारियों और प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों के नेतृत्व में पुलिस बल लगातार सक्रिय रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ब्रीफिंग के बाद पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का मौके पर जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह, क्षेत्राधिकारीगण और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







