17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बैठक कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
श्रावस्ती। शासन की मंशानुसार प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। जनपद में अभियान के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में तथा मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के प्रभावी संचालन और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान केंद्र सरकार की 12 वर्षों तथा राज्य सरकार की 10 वर्षों की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का भी विशेष प्रयास किया जाएगा।
स्कूलों में होंगी चित्रकला प्रतियोगिताएं
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत अलग-अलग चरणों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके अलावा विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
सांस्कृतिक टोलियों द्वारा ‘नमो सेवा’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा’ उत्सव
अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम होगा।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा दीदियों एवं उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सार्वजनिक सम्मान कर प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों से हुए बदलावों की जानकारी देने वाली पुस्तिका का वितरण भी किया जाएगा।
इसके साथ ही हेल्दी बेबी प्रतियोगिताओं का आयोजन एवं पुरस्कार वितरण होगा। बच्चों को कॉमिक बुक्स, खिलौने, फल एवं मिठाई वितरित की जाएगी। इसके अतिरिक्त पोषाहार एवं अन्य सामग्री का भी वितरण किया जाएगा।
विकासखंड स्तर पर लगाए जाएंगे ‘सेवा सेतु’ शिविर
अभियान के दौरान विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु’ शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के सभी कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी पूरी करते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप दिया जा सके।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







