जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनुप्रिया ने किया जिला कारागार का निरीक्षण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनुप्रिया ने किया जिला कारागार का निरीक्षण
बंदियों को विधिक सहायता योजनाओं की दी जानकारी
श्रावस्ती।जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रावस्ती के निर्देशन में शुक्रवार, 07 अगस्त 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अनुप्रिया ने जिला कारागार, श्रावस्ती का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेना तथा उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ सुनिश्चित कराना था।निरीक्षण के दौरान सचिव श्रीमती अनुप्रिया ने कारागार की विभिन्न बैरकों, महिला बैरक, पाकशाला, चिकित्सालय, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, भोजन की गुणवत्ता तथा बंदियों को प्रदान की जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बंदियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़े सभी मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध हो सके।सचिव ने यह भी समीक्षा की कि पात्र बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा विधिक सहायता से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विधिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर बंदियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई। सचिव ने कहा कि आर्थिक या सामाजिक रूप से कमजोर प्रत्येक पात्र व्यक्ति को न्याय तक समान पहुंच उपलब्ध कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्राथमिकता है तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को विधिक सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रावस्ती द्वारा समय-समय पर जिला कारागार का निरीक्षण, विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं विधिक सहायता शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि बंदियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके और उन्हें सुलभ, प्रभावी एवं समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराया जा सके।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







