श्रावस्ती में नकली कीटनाशकों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 6 विक्रेताओं को नोटिस
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
श्रावस्ती में नकली कीटनाशकों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 6 विक्रेताओं को नोटिस
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर कृषि विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, कई दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
श्रावस्ती | बिराट न्यूज़ 24 लाइव ।
किसानों को नकली और घटिया गुणवत्ता वाले कीटनाशकों से बचाने के लिए श्रावस्ती जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर गुरुवार को कृषि विभाग की संयुक्त टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कीटनाशक विक्रेताओं और विनिर्माताओं के प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई कीटनाशकों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर 6 कीटनाशक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी नत्थू लाल गंगवार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार खरीफ सीजन में किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले कृषि रसायन उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तहसीलवार संयुक्त टीमों का गठन किया गया है।

अभियान के तहत जिला कृषि अधिकारी ने तहसील जमुनहा में चार दुकानों का निरीक्षण कर दो कीटनाशकों के नमूने लिए। वहीं उप कृषि निदेशक ने तहसील भिनगा में पांच दुकानों की जांच की। इसके अलावा जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने तहसील इकौना में छह दुकानों का निरीक्षण कर चार दवाओं के नमूने एकत्र किए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विक्रेताओं के स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस एवं अन्य अभिलेखों की भी जांच की। साथ ही सभी दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक बिक्री पर किसानों को अनिवार्य रूप से कैश मेमो उपलब्ध कराएं, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी शिकायत की स्थिति में उचित कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए (कृषि रक्षा) विकास कुमार भी मौजूद रहे। कृषि विभाग ने साफ किया है कि किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







