श्रावस्ती: डोमई गांव के पास नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
Oplus_16908288
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
श्रावस्ती: डोमई गांव के पास नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
श्रावस्ती | विराट न्यूज़ 24 लाइव
जनपद श्रावस्ती के सिरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डोमई गांव के पास मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव नहर में बहता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। शव को सबसे पहले ग्रामीणों ने देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना सिरसिया थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सिरसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष आंकी जा रही है। पहचान न होने के कारण शव को पोस्टमार्टम एवं सुरक्षित रखवाने के लिए भिनगा स्थित मर्चरी भेज दिया गया है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, मृतक ने लाल रंग की शर्ट तथा धारीदार पैंट पहन रखी थी। उसका शरीर इकहरा है और कद लगभग 5 फीट 5 इंच बताया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी भिनगा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया है। मृतक की पहचान कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस की आमजन से अपील
यदि किसी व्यक्ति को इस अज्ञात शव के संबंध में कोई जानकारी हो अथवा वह मृतक की पहचान कर सकता हो, तो तत्काल क्षेत्राधिकारी भिनगा के सीयूजी नंबर 9454401379 / 9208063103 अथवा थानाध्यक्ष सिरसिया के मोबाइल नंबर 9208063110 / 9451489188 पर सूचना दें।
रिपोर्ट: विराट न्यूज़ 24 लाइव | श्रावस्ती
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space







